भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटर की मांग तेजी से बढ़ रही है. TVS ने Orbiter को अपने सबसे सस्ते इलेक्ट्रिक स्कूटर के रूप में पेश किया है. वहीं Bajaj ने Chetak C2501 को किफायती विकल्प बनाया है. अगर आप नया इलेक्ट्रिक स्कूटर लेने की सोच रहे हैं, तो आइए जानते हैं कि डिजाइन और फीचर्स में कौन ज्यादा बेहतर है?
डिजाइन और लुक में कौन आगे?
TVS Orbiter का डिजाइन Simple है. इसका फ्लैट सीट और फ्लैट फुटबोर्ड रोजाना चलाने में आराम देता है. इसमें LED लाइट और आरामदायक सीट दी गई है, जो रोज के सफर के लिए ठीक है. Bajaj Chetak C2501 का लुक थोड़ा अलग और क्लासिक है. इसमें गोल LED हेडलाइट और मजबूत मेटल बॉडी मिलती है. इसका डिजाइन प्रीमियम लगता है. अगर आपको स्टाइलिश और मजबूत बॉडी वाला स्कूटर चाहिए तो Chetak आपको ज्यादा पसंद आ सकता है.
बैटरी, रेंज और स्पीड में फर्क
TVS Orbiter में 3.1 kWh बैटरी मिलती है, जबकि Chetak C2501 में 2.5 kWh बैटरी दी गई है. Orbiter की रेंज 158 किलोमीटर तक बताई गई है. वहीं Chetak लगभग 113 किलोमीटर तक चल सकता है. यानी लंबी दूरी के लिए Orbiter बेहतर है. स्पीड की बात करें तो Orbiter की टॉप स्पीड 68 किमी प्रति घंटा है, जबकि Chetak 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार देता है. लेकिन चार्जिंग के मामले में Chetak आगे है. यह 0 से 80 प्रतिशत तक करीब 2 घंटे 25 मिनट में चार्ज हो जाता है. Orbiter को इतना चार्ज होने में करीब 4 घंटे लगते हैं.
स्पेस, सेफ्टी और फीचर्स
TVS Orbiter में 34 लीटर का अंडर सीट स्टोरेज मिलता है, जो Chetak के 25 लीटर से ज्यादा है. दोनों स्कूटर में अच्छी बैटरी सुरक्षा और 3 साल या 50,000 किलोमीटर की वारंटी मिलती है. फीचर्स की बात करें तो दोनों में LED लाइट, डिजिटल डिस्प्ले और मोबाइल कनेक्ट जैसे मॉडर्न फीचर दिए गए हैं. Orbiter में क्रूज कंट्रोल और नेविगेशन जैसे फीचर भी मिलते हैं. वहीं Chetak में रिवर्स मोड और म्यूजिक कंट्रोल जैसे फीचर दिए गए हैं.
कीमत
TVS Orbiter की कीमत 99,900 रुपये है. Bajaj Chetak C2501 की कीमत 87,100 रुपये है. अगर आप कम कीमत में प्रीमियम लुक और तेज चार्जिंग चाहते हैं तो Chetak सही है, लेकिन अगर आपको ज्यादा रेंज और ज्यादा स्टोरेज चाहिए तो TVS Orbiter बेहतर रहेगा.
ये भी पढ़ें: भारत में इस दिन लॉन्च होगी नई रेनॉ डस्टर, पहली बार मिलेगी 7 साल की वारंटी, जानें फीचर्स

Leave a Reply
Cancel reply