दिल्ली-NCR में लगातार खराब होती हवा को देखते हुए सरकार अब पुराने वाहनों पर सख्ती की तैयारी कर रही है. वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग यानी CAQM ने प्रदूषण को काबू में लाने के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार करने पर काम शुरू कर दिया है. इस रोडमैप के तहत BS-I, BS-II और BS-III श्रेणी के पुराने वाहनों को पूरी तरह बंद करने का प्रस्ताव रखा जा सकता है. इतना ही नहीं, अगले पांच सालों में BS-IV वाहनों को भी सड़कों से हटाने की योजना पर विचार हो रहा है. इसका मकसद राजधानी की हवा को साफ करना और लोगों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाना है.
कब और कैसे हटेंगी पुरानी गाड़ियां?
- TOI की एक रिपोर्ट के मुताबिक, IIT मद्रास के प्रोफेसर अशोक झुनझुनवाला की अध्यक्षता वाली समिति ने इस संबंध में एक ड्राफ्ट रोडमैप तैयार किया है, जिसे फीडबैक के लिए साझा किया गया है. इस प्रस्ताव में BS-I, BS-II और BS-III वाहनों को तुरंत हटाने, BS-IV वाहनों को अगले पांच साल में बंद करने और BS-VI वाहनों को भी 2035 से 2040 के बीच चरणबद्ध तरीके से हटाने की सिफारिश की गई है. समिति का कहना है कि जब दिल्ली का AQI 250 के पार जाता है, तो एक नवजात बच्चा रोजाना 10 से 15 सिगरेट के बराबर प्रदूषण सांस के जरिए लेता है, जो बेहद चिंताजनक है.
कमर्शियल वाहनों पर ज्यादा सख्ती क्यों?
- इस प्रस्ताव में कमर्शियल वाहनों पर खास ध्यान दिया गया है, क्योंकि ये ज्यादा प्रदूषण फैलाते हैं. समिति का मानना है कि नए पेट्रोल और डीजल वाहनों की खरीद को धीरे-धीरे कम किया जाना चाहिए और इलेक्ट्रिक और हाइड्रोजन जैसे जीरो टेलपाइप एमिशन (ZTE) वाहनों को बढ़ावा देना जरूरी है. प्रस्ताव के अनुसार, अप्रैल 2027 के बाद रजिस्टर होने वाले सभी नए कमर्शियल दोपहिया वाहन और टैक्सियां सिर्फ ZTE श्रेणी की होनी चाहिए.
आम लोगों पर क्या पड़ेगा असर?
- सरकार यह भी समझती है कि हाल के वर्षों में खरीदे गए BS-VI वाहन अचानक बंद करने से लोगों को नुकसान होगा. इसलिए BS-VI दोपहिया और कारों के लिए 10 से 15 साल का ट्रांजिशन पीरियड देने पर विचार किया जा रहा है. साथ ही, ज्यादा प्रदूषण वाले मौसम में BS-IV वाहनों के इस्तेमाल को सीमित करने का सुझाव भी शामिल है. कुल मिलाकर, सरकार का फोकस प्रदूषण कम करने के साथ-साथ लोगों पर बोझ कम रखने पर है.
यह भी पढ़ें:- अब Renault मार्केट में उतारने जा रही Mini Duster, जानिए पहले मॉडल से कितनी होगी अलग?

Leave a Reply
Cancel reply