Malayalam Actor Maniyan Pillai Raju Bike Accident CCTV Footage

Spread the love

2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

केरल के तिरुवनंतपुरम में गुरुवार को हुए एक सड़क हादसे के मामले में मलयालम एक्टर और प्रोड्यूसर मणियन पिल्ला राजू को पुलिस ने गिरफ्तार किया। यह हादसा उनकी कार और एक बाइक के बीच हुआ था। हालांकि, मामला दर्ज होने के बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।

घटना के CCTV फुटेज में दिखा कि गुरुवार रात राजू की कार सड़क की ओर आ रही थी, तभी सामने से आ रही बाइक उससे टकरा गई। वीडियो में बाइक सवार दो युवक हवा में उछलकर सड़क पर गिरते नजर आए।

घटना के वीडियो में देखा जा सकता है कि कार की टक्कर के बाद बाइक सवार बहुत बुरी तरह बाइक से गिरे।

टक्कर के बाद एक्टर मौके पर नहीं रुके: पुलिस

ANI के मुताबिक, केरल पुलिस ने राजू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि हादसे के वक्त कार एक्टर ही चला रहे थे और टक्कर के बाद वह मौके पर नहीं रुके।

यह हादसा गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे शहर के वझुथाकौड इलाके में त्रिवेंद्रम क्लब के सामने हुआ। हादसे में बाइक सवार दो युवक, सूरज और निदेव घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूरज के पैर और कंधे में चोट आई है, जबकि निदेव के गर्दन और पैर में चोट लगी है। मामला दर्ज होने के बाद मणियन पिल्ला राजू को मेडिकल टेस्ट के लिए तिरुवनंतपुरम जनरल अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया।

कौन हैं मणियन पिल्ला राजू?

मणियन पिल्ला राजू का असली नाम सुधीर कुमार है और वे मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने एक्टर और प्रोड्यूसर हैं। उन्होंने अपने करियर में 400 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। उन्हें “मणियन पिल्ला राजू” नाम 1981 की फिल्म ‘मणियन पिल्ला अथवा मणियन पिल्ला’ में निभाए गए लोकप्रिय किरदार से मिला।

मणियन पिल्ला राजू ने साल 1976 में फिल्म मोहिनीअट्टम से एक्टिंग की शुरुआत की थी।

राजू ने अपने लंबे करियर में बोइंग बोइंग, किलुक्कम, थेनमाविन कोम्बाथ और स्पदिकम जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया। फिल्म किलुक्कम के लिए उन्हें केरल राज्य फिल्म पुरस्कार भी मिला। एक प्रोड्यूसर के तौर पर भी उन्होंने आए ऑटो, छोटा मुंबई और पावडा जैसी फिल्मों को प्रोड्यूस किया।

खबरें और भी हैं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *